राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर किसानों के लिए नई सौगात का ऐलान
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को तौफा दिया है। छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के लिए राजीव गांधी किसान न्याय योजना की शुरुआत की है। राजीव गांधी के शहादत दिवस के मौके पर दिल्ली से कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गाधी ने वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग की। इस कॉन्फेंस में ऑनलाइन ही इस योजना की शुरुआत की गई।

छत्तीसगढ़ के किसानों को इस योजना के तहत 5700 करोड़ रूपये की नगद राशि देने का ऐलान किया गया है। साथ ही योजना की शुरआत में ही राशि की पहली किश्त किसानों के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी गई है। लगभग 1500 करोड़ रूपये की राशि ट्रांसफर की गई है। पूरी राशि किसानों के खातों में 4 किश्तों में ट्रांसफर की जाएगी।
- 19 लाख किसानों को सीधा लाभ–
किसान वैसे तो बहुत भारी मार झेल रहा है। अब इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ के लगभग 19 लाख किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। लाभ होने वाले किसानों में शामिल हैं, 9 लाख 53 हजार 706 सीमांत कृषक, 5 लाख 60 हजार 285 छोटे किसान और 3 लाख 20 हजार 844 बड़े किसान हैं। गन्ना उत्पादक किसानों को 18.43 करोड़ रुपये की राशि दी गई है।
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने इस मौके पर कहा कि इससे किसानों की इनकम बढ़ेगी। इस योजना के तहत धान किसानों को एक 10 हज़ार रूपये प्रति एकड़ अतिरिक्त दिया जायेगा। साथ ही 350 रुपये समर्थन मूल्य के हिसाब से 250 करोड़ रुपये की गन्ना खरीदी की जाएगी। मक्का, धान और गन्ना किसानों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
- किसानों को अब पैसे की जरूरत है– राहुल
राहुल गांधी ने इस मौके पर किसानों के मौजूदा हालत पर बात की। उन्होंने कहा कि आज किसानों को कर्ज की जरूरत नहीं है, बल्कि सीधा पैसों की जरूरत है। अब कांग्रेस किसानों को सीधा मदद पहुँचाएगी। साथ ही राहुल गांधी ने राज्य सरकार की तारीफ़ की। कोंग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल ने कहा कि कोरोना काल में हम किसानों की मदद इस न्याय योजना से पूरी तरह करेंगे।
राजीव गांधी जी की पुण्यतिथि के मौके पर पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि राजीव जी के भावना के अनुरूप ही हमने इस योजना में काम किया है। उन्होंने कहा कि किसान और खेती इस देश की असली पूंजी है। उन्होंने साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार की प्रशंसा भी की।
- हर तबके के किसानों के लिए योजना–
सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि राजीव गांधी जी की यह किसान न्याय योजना से हर तबके के किसानों के लिए है। लोगो की आय बढ़ाने के रूप में यह योजना सहायक साबित होगी। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने केंद्र सरकार से ज्यादा एमएसपी पर धान की खरीदी की है। सीएम बघेल ने कहा किसान न्याय योजना से मजदूरो को भी फायदा होगा। इस मौके पर उन्होंने 40 उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित भी किया।
रिपोर्ट- अदिति शर्मा