खेल
Breaking News

Tokyo Paralympics: हाई जंप में भारत को मिले दो पदक

भारत का टोक्यो पैरालंपिक में शानदार प्रदर्शन जारी है। पुरुषों की हाई जंप के T63 वर्ग में भारत को आज दो पदक मिले। मरियप्पन थंगावेलु ने रजत जबकि शरद कुमार ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

टोक्यो पैरालंपिक में पुरुषों की हाई जंप के T63 वर्ग में भारत को दोहरी कामयाबी हाथ लगी। भारत के मरियप्पन थंगावेलु ने इस स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया वहीं शरद कुमार ने इसी इवेंट में कांस्य पदक जीता। मरियप्पन ने तीसरे और अंतिम प्रयास में 1.86 मीटर के मार्क को क्लीयर किया। मरियप्पन ने रियो पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीता था और ये उनका लगातार दूसरा पैरालंपिक पदक है। शरद कुमार ने 1.83 मीटर की दूरी के साथ कांस्य पदक जीता।

राष्ट्रपति ने ट्वीट कर दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी

रामनाथ कोविंद ने ट्वीट करते हुए लिखा, हमारे पैरालंपियन लगातार हमें गौरवान्वित कर रहे हैं। पूरे देश को बहुत खुशी हुई कि मरियप्पन थंगावेलु और शरद कुमार ने पैरालंपिक में हाई जंप में रजत और कांस्य पदक अपने नाम किया। आपका दृढ़ संकल्प और आपकी लगन सबके लिए प्रेरणा है। बहुत-बहुत बधाई।

प्रधानमंत्री ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए ट्वीट किया

पीएम मोदी ने मरियप्पन को शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया, हमेशा ऊंचाई की ओर बढ़ते हुए। मरियप्पन थंगावेलु निरंतरता और उत्कृष्टता का पर्याय हैं। उन्हें रजत पदक जीतने पर बधाई। भारत को उनकी उपलब्धि पर गर्व है।

साथ ही प्रधानमंत्री ने शरद कुमार को बधाई देते हुए लिखा, कभी हार न मानने वाले शरद कुमार ने कांस्य पदक जीतकर हर भारतीय के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी है। उनकी जीवन यात्रा कई लोगों को प्रेरणा देगी। उन्हें बहुत-बहुत बधाई।

केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने भी ट्वीट कर बधाई दी

इस दोहरी कामयाबी पर खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मरियप्पन थंगावेलु के लिए ट्वीट कर लिखा, मरियप्पन ने भारत के लिए रजत पदक जीता !!! उनका लगातार दूसरा पैरालंपिक पदक, कई मायनों में ऐतिहासिक ! अच्छा खेले चैंपियन!

वहीं शरद कुमार के लिए अुनराग सिहं ठाकुर ने लिखा, भारत की पदक की बौछार जारी! शरद ने कांस्य पदक जीता !!!  शानदार प्रदर्शन, शानदार जज़्बा दिखाया!

इन दोनों खिलाड़ियों के पदक के साथ ही टोक्यो पैरालंपिक में भारत दहाई का जादुई आंकड़ा छूने में कामयाब रहा और भारत के कुल पदक की संख्या 10 हो गई है। ये पैरालंपिक खेलों में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

Tags
Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button
Close
Close
%d bloggers like this: