
- आर्थिक संकट से जूझ रहे लेबनान में उग्र प्रदर्शन
- प्रदर्शनकारियों ने कई बैंकों में लूटपाट और आगजनी की
- राष्ट्रीय मुद्रा के मूल्य में भारी गिरावट की वजह से लोगों में है नाराज़गी
आर्थिक संकट से जूझ रहे लेबनान में हालात दिन ब दिन बिगड़ते जा रहे हैं। राष्ट्रीय मुद्रा के मूल्य में भारी गिरावट की वजह से हताशा लोगों ने लगातार दूसरी रात कई बैंकों में लूटपाट और आगजनी की। यहां कई दिनों से लगातार प्रदर्शन चल रहे हैं। सैकड़ों लोगों ने बेरूत के दक्षिणी सिडोन शहर, बेका वैली, त्रिपोली और अक्कर में उग्र प्रदर्शन किए। सबसे ज्यादा उग्र और हिंसक प्रदर्शन त्रिपोली में हुए। प्रदर्शनकारी लेबनानी पाउंड के मूल्य में अचानक आई गिरावट से नाराज हैं। बीते 6 महीने के दौरान लेबनानी पाउंड के मूल्य में 50 फीसदी से अधिक की बड़ी गिरावट आई है। लोग सरकार के सख्त कैपिटल कंट्रोल नियमों से परेशान है। विदेशी मुद्रा की निकासी पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है। यहां तक कि बैंकों से पाऊंड निकालने की भी सीमा तय कर दी गई है। कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से मध्य मार्च से लागू देशव्यापी लॉकडाउन ने हालात और ख़राब कर दिए हैं।