
टोक्यो पैरालंपिक में भारत के रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बीच पदक जीतने के बाद स्वदेश लौटे खिलाड़ियों के सम्मान का सिलसिला जारी है। केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने टोक्यो पैरालंपिक में पदक जीतने वाले चार खिलाड़ियों से शुक्रवार को मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया।
इनमें टोक्यो पैरालंपिक में जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतने वाले सुमित अंतिल , पैरालंपिक खेलों में तीसरी बार पदक जीतने वाले देवेंद्र झांझरिया , डिस्कस थ्रो में रजत जीतने वाले योगेश कथुनिया और हाई जंप में कांस्य पदक जीतने वाले शरद कुमार शामिल थे। खेल मंत्री ने खिलाड़ियों से उनके संघर्ष और पदक जीतने तक के सफर पर बात की।
Our Champions are back home ??!
Wonderful speaking to everyone about their personal journey, inspiration & plans ahead! https://t.co/NtIp9BCAkN
— Anurag Thakur (@ianuragthakur) September 3, 2021
पैरालंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने कहा कि देश में खेलों को लेकर माहौल काफी बदला है और सरकार की ओर से उन्हें पूरा समर्थन मिल रहा है। यही कारण है कि इस बार ओलंपिक हो या पैरालंपिक दोनों में ही भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
गुरुवार देर रात टोक्यो पैरालंपिक में भारत का परचम बुलंद करने वाले भारतीय पैरा एथलीट जब दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे तो ढोल नगाड़ों के साथ इनका जोरदार स्वागत किया गया। टोक्यो पैरालंपिक में भारत ने नया रिकॉर्ड कायम करते हुए पैरालंपिक खेलों के इतिहास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।