कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए शहनवाज़ ने बेच दी अपनी कार
इस महामारी के दौर में भी अगर हम लड़ पा रहे हैं तो इसका कारण है कुछ लोगों की नेकी और दरियादिली। हाल ही में मुंबई के मलाड के शाहनवाज़ शेख ने अपनी एसयूवी बेची और साथ ही अपने पैसों से ऑक्सीजन सिलेंडर खरीदकर जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध करवाया। अब तक इन्होंने 250 परिवारों की मुश्किल दूर की है और अभी भी यह काम जारी है।

मुंबई के 31 वर्षीय शाहनवाज़ शेख ने अपनी वो फोर्ड एंडेवर बेची जो उन्होंने काफ़ी शौक से 2011 में खरीदी थी। अब 9 साल बाद उन्होंने इसे बेचकर मिले पैसे से नेकी के कार्य में इस्तेमाल किया।
बता दें, शेख ने 5 जून से मुंबई में कोविड 19 से जूंझ रहे परिवारों को सिलेंडर वितरित कर रहे हैं और अब तक ये 250 परिवारों की मदद कर चुके हैं जो की काफ़ी बड़ी संख्या है। इतना ही नहीं, अपनी एसयूवी बेचने से पहले भी शेख ने अपने प्राइवेट वाहन को एम्बुलेंस की सर्विसेस के लिए दे दिया था।
एक करीबी की मौत ने बदल दी शाहनवाज़ की जिंदगी
गौरतलब है, शेख को यह मानवता का कार्य करने की प्रेरणा अपने साथ हुई एक दुखद घटना से मिली है। दुर्भाग्य से, 28 मई को शेख के बिजनेस पार्टनर की बहन की कोरोनावायरस से मृत्यु हो गई। उन्हें एक ऑटोरिक्शा में अस्पताल ले जाया जा रहा था और भर्ती होने से पहले ही उनकी इस बीमारी से जान चली गई। ऐसा इसलिए भी हुआ क्योंकि पांच अस्पतालों ने उन्हें एडमिट नहीं किया था जिसके कारण इलाज में बहुत देरी हो गई। डॉक्टरों ने बाद में बताया कि अगर उन्हें सही वक्त पर ऑक्सीजन सप्लाई मिल जाती तो उनकी जान बच सकती थी।
इस घटना से ही उन्हें प्रोत्साहन मिला जिससे उन्होंने अपनी एसयूवी बेचने और ऑक्सीजन सिलेंडर पीड़ित की मदद करने का फैसला लिया।शेख ने शोध किया और बाज़ार में ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी के बारे में जाना। शेख ने केयर अस्पताल के डॉ शाहबुद्दीन शेख के साथ एक सिस्टम बनाया है जिसके जरिये वो कोविड संक्रमित परिवारों को ऑक्सीजन सिलेंडर यूज़ करने की ट्रेनिंग दे रहे हैं।
शेख का यह बलिदान अपने आप में बहुत बड़ा है और लोगों का जीवन बचाने का कार्य अपने आप में एक मिसाल है। आशा है उनसे बाकि लोग भी प्रेरित हों और ईश्वर उन्हें खूब शक्ति दे।