खेल
Breaking News
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने पैरा एथलीट्स को किया सम्मानित
टोक्यो पैरालंपिक में भारत का परचम बुलंद करने वाले भारतीय पैरा एथलीट्स को आज केंद्रीय खेल मंत्री द्वारा दिल्ली में सम्मानित किया गया। इस मौके पर केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू और राज्य खेल मंत्री निसिथ प्रमाणिक भी मौजूद रहे।

टोक्यो पैरालंपिक में भारतीय पैरालंपिक खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। भारत ने न केवल पहले से अधिक पदक जीते बल्कि कई ऐसे कीर्तिमान भी स्थापित किए जो काबिले तारीफ है। टोक्यो पैरालंपिक में भारत ने कुल 19 पदक जीते जिसमे 5 गोल्ड, 8 सिल्वर और 6 कांस्य पदक शामिल है। गौरतलब है कि पैरालंपिक में भारत का अब तक का ये सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
टोक्यो पैरालंपिक (Tpkyo Paralympic) में हिस्सा लेने वाले पैरा एथलीट्स को राजधानी दिल्ली में बुधवार को केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा सम्मानित किया। इस मौके पर केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू और राज्य खेल मंत्री निसिथ प्रमाणिक भी मौजूद रहे। खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पैरा एथलीट्स ने न केवल अपनी व्यक्तिगत चुनौतियों को मात दी है बल्कि दुनिया भर के खिलाड़ियों को भी पराजित किया है।
किरेन रिजिजू बोले, देश को आप पर गर्व
वहीं केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने खिलाडियों की तारीफ करते हुए कहा कि हमारे पैरा एथलीट्स हमारे समाज व देश दुनिया के लिए प्रेरणा का स्रोत है। देश के लिए मेडल लाने वाले पैरा खिलाडियों के लिए खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने कहा कि आपने मेडल जीतकर समूचे देश का सपना साकार किया है, पूरे देश को आप पर गर्व है।
खिलाडियों ने सरकार की टॉप्स स्कीम की तारीफ की
इस मौके पर रजत पदक विजेता पैरा खिलाड़ी सुहास यतिराज ने कहा कि मन में अगर कुछ पाने की इच्छा हो तो हर मुश्किल आसान हो जाती है। वहीं देवेंद्र झाझरिया ने कहा कि 2004 से अब तक देश में बहुत बदलाव आया है। सरकार द्वारा खिलाडियों को मिल रही मदद से खेल प्रतिभाएं निखर रही है। वहीं पैरा एथलीट शरद कुमार ने कहा भारत सरकार द्वारा शुरु की गई टॉप्स (Tops) स्कीम से खिलाडियों को न केवल आर्थिक मदद मिलती है बल्कि खिलाडियों को कुशल बनने में भी मदद करता है।
टोक्यो पैरालंपिक 2020 में भारत ने 19 पदक जीते है। टोक्यो 2020 में प्रतिस्पर्धा करने वाले 162 देशों के बीच पदक तालिका में भारत 24वें स्थान पर रहा। 1968 में पैरालंपिक खेलों में पदार्पण करने के बाद से भारत ने 2016 तक केवल 12 पदक ही जीते थे ।