मुस्लमानों के लिए ऐसा क्या किया वैष्णो देवी ने, हो रही है खूब चर्चा
कोरोना वायरस महामारी के बीच जम्मू कश्मीर के कटरा से एक सुकून देने वाली खबर सामने आई है। यह खबर सांप्रदायिक सद्भाव के साथ मानवता का एक आदर्श उदाहरण भी है। श्री वैष्णो देवी तीर्थ स्थल रमज़ान के पवित्र महीने में आशीर्वाद भवन में क्वारंटाइन मुसलमानों को इफ्तारी प्रदान कर रहा है। यह तीर्थ स्थल लगभग 500 मुसलमानों को रोज़ाना इफतार व सेहरी में खाना खिला रहा है।

देश में जब यह महामारी फैली तो वैष्णो देवी मंदिर ने Covid19 महामारी को देखते हुए श्राइन बोर्ड को क्वारंटाइन सेंटर में तब्दील कर दिया था। बोर्ड के मुख्य अधिकारी रमेश कुमार कहते हैं कि उन्होंने “रमज़ान के इस पवित्र महीने में हमारा यह प्रयास है कि हम मुस्लिम भाइयों को सेहरी और इफ्तारी प्रदान करें। जिसके लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड सुबह–शाम यह सेवा देने के लिए रात भर काम कर रहा है।“
इस आशीर्वाद भवन में एक संगरोध केंद्र बनाया है जिसमें 500 बिस्तरों की क्षमता है। तीर्थ स्थल ने यह सेवा मार्च के महीने में ही शुरू की थी। फ़िलहाल आशीर्वाद भवन के संगरोध केंद्र में मज़दूर हैं जो रमज़ान के महीने में रोज़ा रखते है। इसीलिए रमज़ान के शुभ अवसर पर हमने इन मुस्लिम भाइयों को सेहरी और इफ्तारी प्रदान करके मदद करने का फैसला किया। श्राइन बोर्ड आशिर्वाद भवन के अलावा सरकारी क्वारंटाइन केंद्र में भी भोजन की व्यवस्था कर रहा है। नियमित रूप से यह बोर्ड लोगो के लिए नाश्ते से लेकर रात का खाना उपलब्ध करा रहा है।
गौरतलब है कि श्री वैष्णो देवी मंदिर के श्राइन बोर्ड ने मार्च से लेकर लोगो को भोजन सहायता प्रदान करने में लगभग 80 लाख रुपये खर्च किये हैं। साथ ही Covid19 महामारी की इस जंग में 1.5 करोड़ रूपये की मदद की है।
अदिति शर्मा